अंतरिक्ष तिवारी की कलम से
अयोध्या।
उत्तर प्रदेश की पावन नगरी अयोध्या में आयोजित 29वीं प्री-उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता (एयर इवेंट) 2026 में खाकी का गौरव बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे जांबाज जवान दीपक गुप्ता ने अपनी एकाग्रता और अचूक निशानेबाजी का परिचय देते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष एकल स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया है। वर्तमान में अयोध्या जनपद में ही तैनात दीपक गुप्ता ने अपनी इस शानदार उपलब्धि से न केवल जिले का, बल्कि पूरे पुलिस महकमे का मान बढ़ाया है।
प्रतियोगिता के कड़े मुकाबले में दीपक ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और सटीक निशाना साधते हुए पदक तालिका में अपनी जगह पक्की की। अपनी इस जीत पर खुशी जाहिर करते हुए दीपक गुप्ता ने बताया कि इस प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने आधिकारिक तौर पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता (स्टेट लेवल) के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी ऊर्जा और संकल्प के साथ हिस्सा लेने की प्रतिबद्धता जताई है।
दीपक गुप्ता ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने परिवार के अटूट विश्वास, विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रोत्साहन, साथी जवानों के समर्थन और अपने कोच के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि सभी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था। अब उनका अगला लक्ष्य राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन करना है। उनकी इस उपलब्धि पर विभाग के उच्च अधिकारियों और साथियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।