ब्रेकिंग न्यूज़

त्रेता युग के केवट का प्रेम और कलयुग की सियासत: मोदी के चाय वाले घर पर क्यों हो रही है इतनी चर्चा


अंतरिक्ष तिवारी की कलम से ==================
त्रेता युग की वह बात आज भी सबको याद है जब गंगा पार कराने के लिए केवट ने भगवान राम से पैसे लेना तक मना कर दिया था। केवट ने भगवान के चरण धोए थे और ऐसा अनोखा प्रेम दिखाया था जो आज भी इतिहास में मिसाल बना हुआ है। लेकिन आज का समय देखिए। देश के प्रधानमंत्री खुद चलकर केवट समाज की बेटी मीरा माझी के घर गए थे और उनके साथ चाय पी थी। सरकार ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर दिया आयुष्मान कार्ड बनवाकर दिया उज्ज्वला योजना का गैस सिलेंडर दिया और बैंक से 3 लाख रुपये का लोन और छूट भी दिलाई।लेकिन इस पूरे मामले में एक के बाद एक राजनीतिक खेल शुरू हो गया। सबसे पहले युवा कांग्रेस नेता शरद शुक्ला ने मीरा माझी के परिवार को साथ लेकर एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस परिवार का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरा। इसके ठीक एक दिन बाद समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडेय सीधे मीरा माझी के घर पहुंच गए। उन्होंने कैमरे के सामने 50 हजार रुपये नकद दिए और आगामी चुनाव को लेकर पार्टी का प्रचार शुरू कर दिया। जब सपा नेता पवन पांडेय वहां पहुंचे और तमाम आरोप लगाए तो खुद मीरा माझी ने उनके ही लाइव वीडियो पर अपनी बात रखकर सच्चाई सामने रखी। मीरा माझी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जाने के बाद डीएम और एसडीएम उनके घर आए थे। अधिकारियों ने उनके पति को टेंट की दुकान खुलवाने का प्रस्ताव दिया था लेकिन उनके पति ने यह काम भारी बताकर मना कर दिया और खुद निषाद समाज का होने के नाते नाव दिलाने की मांग की थी। प्रशासन ने उनकी मर्जी से ही नाव के लिए लोन पास करवाया था।इसके बाद अयोध्या के वर्तमान मेयर गिरीश पति त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। मेयर साहब ने मीरा माझी के परिवार से मुलाकात की उन्हें ढांढस बंधाया और आर्थिक सहायता भी प्रदान की। मीडिया के सामने सारी सच्चाई रखते हुए मेयर साहब ने साफ बताया कि सरकार और प्रशासन ने इस परिवार की पूरी मदद की है। उनके फूल बेचने के काम में जो हल्की-फुल्की परेशानी आई थी उसे पुलिस की मदद से तुरंत हल करवा दिया गया था और बैंक के लोन को लेकर भी अधिकारियों से बातचीत की जा चुकी है।
इस पूरी व्यवस्था और राजनीति को गौर से देखने पर अयोध्या की गलियों का एक कड़वा सच सामने आता है। सच्चाई यह है कि जब किसी तंग गली की झोपड़ी में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या कोई बड़ा खास मेहमान आकर चला जाता है, तो उस परिवार को यह अच्छे से मालूम हो जाता है कि अब वे खास मेहमान वाले पीड़ित बन चुके हैं। थोड़ी सी भी परेशानी आने पर वे अपनी पीड़ा का रोना रोना शुरू कर देते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि सरकार की किसी भी कमी पर विपक्ष तुरंत दौड़ा चला आएगा। विपक्ष को तो राजनीति के लिए सिर्फ चटपटी बात चाहिए इसलिए कैमरे और नेता जी तुरंत मदद के लिए हाजिर हो जाते हैं।लेकिन इन सबके बीच सबसे बड़ा दर्द यह है कि उस खास मेहमान वाले घर के ठीक बगल में रहने वाले बाकी गरीब किसी को नहीं दिखते। उन आस-पास के गरीब परिवारों की झोपड़ियों में झांकने वाला कोई नहीं है जिन्हें आज भी दो वक्त की सही रोटी रहने के लिए पक्का मकान बच्चों के लिए शिक्षा इलाज के लिए दवा और काम-धंधे के लाले पड़े हैं। क्या बदलाव या सुधार सिर्फ उसी एक घर का होना चाहिए जो कैमरे की सुर्खियों में आ जाए अयोध्या की तमाम तंग गलियों और हर गरीब की झोपड़ी की हालत सुधरनी चाहिए ताकि किसी भी गरीब के जीवन में लाचारी और बेबसी न रहे।यही कारण है कि इस पूरी व्यवस्था और राजनीति को गौर से देखने पर सवाल तो दोनों पक्षों से पूछे जाएंगे। सरकार से भी और विपक्ष से भी। जब तक राजनीति सिर्फ टीवी की खबरों कैमरों और बड़े मेहमानों के दौरों पर टिकी रहेगी तब तक अयोध्या की उन अनगिनत तंग गलियों के बेसहारा गरीब पीछे ही छूटते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button