अंतरिक्ष तिवारी की कलम से अयोध्या। समाज में इंसानियत का एक प्रेरक उदाहरण शनिवार को जिला चिकित्सालय में देखने को मिला, जहाँ एक निराश्रित युवक की जान बचाने के लिए वरिष्ठ पत्रकार रवि मौर्य ने रक्तदान किया।
मेडिकल वार्ड के बेड नंबर 13 पर भर्ती अर्जुन नामक युवक का कोई परिजन नहीं है। वह रक्त की भारी कमी से जूझ रहा था और उसे दुर्लभ ‘AB पॉजिटिव’ ब्लड की तत्काल आवश्यकता थी। रिकाबगंज निवासी धीरज यादव उसकी देखभाल कर रहे थे, लेकिन रक्त की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। जैसे ही इस बात की जानकारी निराश्रित सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार रवि मौर्य को मिली, उन्होंने तुरंत अस्पताल पहुंचकर स्वयं रक्तदान किया।
उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह पत्रकार राकेश तिवारी और अरविंद यादव ने भी सक्रियता दिखाते हुए अर्जुन के लिए रक्त की व्यवस्था कराई थी। धीरज यादव की निरंतर सेवा और पत्रकारों की इस संवेदनशीलता की अस्पताल कर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है। इस अवसर पर रवि मौर्य ने संदेश दिया कि रक्तदान महादान है और हर स्वस्थ व्यक्ति को इस मानवीय कार्य के लिए आगे आना चाहिए।