अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग का सनसनीखेज आरोप: विरोध करने पर दबंगों ने बरसाईं लाठियां और की फायरिंग
अयोध्या। थाना महाराजगंज क्षेत्र में सुबह टहलने निकले एक बुजुर्ग पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने हमलावरों पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है।
घायल बुजुर्ग का इलाज दर्शननगर स्थित मंडलीय चिकित्सालय में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, तुलसीराम का पुरवा पिलखावां निवासी महेश तिवारी शनिवार सुबह टहलने निकले थे। आरोप है कि गांव के ही विनोद तिवारी, उनके पुत्र श्रेयांश तिवारी व अन्य लोगों ने रास्ते में रोककर मारपीट की। परिवार का कहना है कि हमले में महेश तिवारी के दोनों हाथ टूट गए तथा सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
परिजनों के मुताबिक, घटना के दौरान आरोपियों ने फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस घायल को सीएचसी पूरा बाजार ले गई, जहां से उन्हें मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि 27 अप्रैल को ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को ऑनलाइन शिकायत देकर जान का खतरा बताया गया था, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।