गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 24 घंटे तैनात रहेंगी टीमें जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा
==========================================
अयोध्या। जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया और आम जनमानस के बीच चल रही किल्लत की खबरों पर जिला प्रशासन ने अब पूर्ण विराम लगा दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया है कि जिले में गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और जनता को किसी भी प्रकार से परेशान होने या घबराने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है। आम उपभोक्ताओं को निर्बाध सेवा सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने पूरी तरह कमर कस ली है और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की विशेष पाली में ड्यूटी लगाई गई है। इस नई रोटेशन प्रणाली के लागू होने से अब चौबीसों घंटे सेवाएं उपलब्ध रहेंगी जिससे किसी भी समय आने वाली समस्या का तत्काल निस्तारण किया जा सकेगा।
प्रशासन द्वारा जारी नई नियमावली के अनुसार गैस रिफिल की बुकिंग पूरी तरह नियमों के आधार पर की जाएगी ताकि हर पात्र व्यक्ति को समय पर सिलेंडर मिल सके। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग पच्चीस दिनों के अंतराल पर की जा सकेगी जबकि ग्रामीण इलाकों के लिए यह समय सीमा पैंतालीस दिन निर्धारित की गई है। अधिकारी ने जनता से अपील की है कि वे अपनी बारी का धैर्यपूर्वक इंतजार करें और नियमों का पालन करते हुए ही सिलेंडर प्राप्त करें। गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। इसके लिए विशेष जांच टीमें गठित कर दी गई हैं जो विभिन्न एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं।जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी वितरक या बिचौलिया नियमों का उल्लंघन करता कालाबाजारी करता या निर्धारित दर से अधिक दाम वसूलता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनता की सुविधा और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष सहायता नंबर भी जारी किए गए हैं जहां संपर्क करने पर विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। अतः समस्त जनपदवासियों से अनुरोध है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।