एवरी टाइम फिटनेस जिम’ की ओर से ज्येष्ठ के पांचवें मंगलवार पर विशाल भंडारे का आयोजन
अयोध्या के साकेतपुरी स्थित देवकाली बाईपास पर संचालित ‘एवरी टाइम फिटनेस जिम’ द्वारा ज्येष्ठ मास के पावन अवसर पर एक अत्यंत दिव्य और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। ज्येष्ठ के महीने में मंगलवार का विशेष महत्व होता है और इस बार ‘एवरी टाइम फिटनेस जिम’ के सदस्यों द्वारा पहली बार भंडारे का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर अर्जुन सोनकर ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि ज्येष्ठ का महीना चल रहा है और मंगलवार का दिन अत्यंत शुभ है, इसलिए हम लोग इस बार प्रथम बार भंडारा कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि ईश्वर की कृपा रही तो अगली बार इसे और अधिक दिव्य और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा और प्रसाद वितरण का कार्य बड़े स्तर पर किया जाएगा।
इस पुनीत कार्य में अभिषेक सोनकर, वीरेंद्र, राजन, हरिओम, प्रियांशु, सौरभ, ध्रुव मौर्य, समीर, अमित और पवन स्टार ने सेवा में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य के प्रति समाज को एक अत्यंत महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा गया कि मनुष्य को अपने जीवन की व्यस्तताओं के बीच अपने शरीर के लिए कम से कम एक घंटा जरूर निकालना चाहिए। सभी से आग्रह किया गया कि नियमित जिम करें और स्वयं को स्वस्थ रखें, ताकि शारीरिक परेशानियों से बचा जा सके। यह संदेश न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से बल्कि सनातन प्रेमियों के लिए भी अत्यंत प्रेरणादायक रहा, जो शरीर को मंदिर मानकर उसकी देखभाल करने का आह्वान करता है। इस कार्यक्रम के दौरान समस्त भक्त गण मौजूद रहे और उन्होंने पूरे हर्षोल्लास के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस पूरे आयोजन में जिम के सभी सदस्यों एवं सहयोगी जनों का विशेष योगदान रहा।